Delhi-NCR, State, हिंदी न्यूज़

सोनिया रहेंगी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष, सीडब्ल्यूसी की बैठक में हुआ फैसला

सोनिया रहेंगी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष, सीडब्ल्यूसी की बैठक में हुआ फैसला

नई दिल्ली डेस्क/ कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की कई घंटे तक चली बैठक के बाद सोमवार शाम को फैसला लिया गया है कि फिलहाल सोनिया गांधी ही कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष बनी रहेंगी। सीडब्ल्यूसी की बैठक में जो फैसला आया है, उससे स्पष्ट है कि वफादार असंतुष्टों पर भारी पड़े।

बैठक में तय हुआ कि सोनिया गांधी अंतरिम पार्टी प्रमुख बनी रहेंगी, जब तक एक नया अध्यक्ष नहीं चुना जाता है। अगली बैठक छह महीने बाद बुलाई जाएगी। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नए अध्यक्ष का चुनाव पार्टी के अधिवेशन की बैठक में किया जाएगा। पार्टी प्रवक्ताओं ने पार्टी में सुधार को लेकर 23 नेताओं की चर्चित चिट्ठी के बारे में कहा कि पार्टी ने तय किया है कि अब हमें इसे भूलकर आगे की ओर बढ़ना है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा, उनमें से कई महत्वपूर्ण नेतागण इस कार्यसमिति में शामिल थे और उनकी सहमति से ही पार्टी कार्यसमिति ने सर्वसम्मिति से एक प्रस्ताव पारित किया है। सुरजेवाला ने कहा कि बैठक के अंत में सोनिया गांधी ने कहा कि हम एक बड़ा परिवार हैं और कई मौकों पर हमारी राय भिन्न-भिन्न हो सकती है, लेकिन आखिरकार हम एक ही हैं।

सुरजेवाला ने यह भी बताया कि सोनिया गांधी ने कहा कि मैं किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं रखती हूं, लेकिन पार्टी की बात पार्टी फोरम पर ही कहनी चाहिए। पार्टी में टकराव से जुड़े सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि सोनिया गांधी ने सारी विषमताएं अपने अंदर समाहित करते हुए उनका निराकरण कर दिया है अब हम सब एक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *